कठुआ। लगभग आठ साल पहले पूरे हुए हाईवे के विस्तारीकरण कार्य के बाद लंबित पड़े कार्यों को लेकर प्राधिकरण ने कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत हाईवे के पुराने और जर्जर हो चुके पुलों को गिराने का काम एक सप्ताह के अंदर अंजाम दिए जाने की योजना है।
इसके साथ लखनपुर कस्बे में बैरिकेडिंग से लेकर क्रॉसिंग और अन्य कई बकाया रहे कार्यों पर भी कवायद शुरू की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 33 करोड़ की लागत से इन कार्यों को अंजाम दिया जाना है। जिसमें लखनपुर के कार्यों के अतिरिक्त सहार खड्ड के दो पुराने पुलों का पुनर्निर्माण भी शामिल है। पुनर्निर्माण से पहले पुराने पुलों को गिराया जाना है। जिसके लिए प्राधिकरण ने बाकायदा एजेंसी को टेंडर भी दे दिया है। 18 माह के भीतर दोनों पुलों का निर्माण किया जाएगा।
बीती बरसात में बेड प्रोटेक्शन बहने से खतरे में आई खडेरू के एक पुल की नींव को ठीक कर दिया गया है। हालांकि, स्थायी रूप से इसे ठीक करने में दो करोड़ का अतिरिक्त खर्चा आएगा, जिसके लिए हाईवे प्राधिकरण अतिरिक्त परियोजना बनाकर मंजूरी के लिए भेजने की तैयारी में है। उधर, पुराने पुलों को गिराए जाने से पहले हाईवे प्राधिकरण ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि खडेरू पुल सुरक्षित हो। इसके लिए जरूरी मरम्मत कार्यों को अंजाम दिया जा चुका है।
आधिकारिक सूत्रों की मानें तो अगले डेढ़ वर्ष तक हाईवे पुलों का काम पूरा होने तक हाईवे पर ट्रैफिक को कालीबड़ी के नजदीक क्रॉसिंग से परिवर्तित किया जाएगा। यह लोगेट मोड़ तक परिवर्तित होकर एक ही पुल से गुजरेगा। हाईवे प्राधिकरण से जुड़ी निर्माण एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने इसके लिए प्रशासन की अनुमति हासिल कर ली है। जल्द ही निर्माण कार्य को अंजाम देने के लिए पुलों को गिराने का काम शुरू कर दिया जाएगा।