कठुआ। जिले में लगातार दूसरे दिन भी डेंगू का कोई नया मामला सामने नहीं आया है, लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीमेें सक्रिय रही। विभाग की टीमों ने शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में एंटी लारवा स्प्रे का छिड़काव करवाने का क्रम जारी रखा। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग टीम ने डेंगू से सबसे ज्यादा प्रभावित रहे गोविंदसर गांव में डोर-टू-डोर अभियान चलाया। इस दौरान विभाग के कर्मचारियों ने लोगों के घरों में जाकर पानी के भंडारण व्यवस्था को देखा। इस दौरान टीम के सदस्यों ने कई घरों में कई दिनों से भरे गए पानी को गिरवा दिया। गांव में चलाए जाने वाले अभियान का नेतृत्व कर रहे मलेरिया विभाग के
इंस्पेक्टर लोकेश राज ने बताया कि भले ही दो दिनों के दौरान जिला में डेंगू का कोई मामला नहीं आया है, लेकिन विभाग इसके खिलाफ पूरी तरह से सक्रिय होकर कार्रवाई कर रहा है। इसमें शहर के वार्ड 6 और 7 के साथ लच्छीपुर गांव में एंटी लारवा स्प्रे का छिड़काव किया जा रहा है। इसके अलावा गांव गोविंदसर गांव में डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान लोगों के स्वास्थ्य पर नजर रखने के अलावा पानी के भंडारण पर विशेष ध्यान दिया गया है। कुछ स्थानों पर एक सप्ताह से ज्यादा समय से भरे पानी को पाए जाने पर उसे गिरवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि दिन भर चले इस अभियान के दौरान कुल 98 घरों में टीम गई। जहां बुखार से पीड़ित दो नए मरीज भी सामने आए हैं। जिन्हें अपनी डेंगू जांच करवाने के लिए कहा गया है।