संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में डेंगू और मलेरिया के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मेडिकल ब्लॉक परोल के अंतर्गत आने वाले कठुआ शहर के पटेल नगर में एक महिला डेंगू पॉजिटिव पाई गई है। मेडिकल ब्लॉक बसोहली में मलेरिया के एक नए मरीज सामने आने के बाद जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 32 हो गई है। जबकि मलेरिया संक्रमितों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। लगातार नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में निगरानी और बचाव गतिविधियां तेज कर दी हैं।
जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मेडिकल ब्लॉक परोल के तहत शहर के पटेल नगर में 50 वर्षीय महिला डेंगू पॉजिटिव पाई गई है। वहीं, मेडिकल ब्लॉक बसोहली में 31 वर्षीय व्यक्ति के मलेरिया संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। दोनों मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें संबंधित क्षेत्रों में पहुंचीं और मरीजों के घरों के आसपास एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराया। नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को मलेरिया और डेंगू से बचाव के उपाय बताए।
जिला स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया इंस्पेक्टर लोकेश राज ने बताया कि विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। लोगों को भी बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।