हीरानगर। क्रिकेट में पाकिस्तान की जीत का भारत में जश्न मनाने वाले लोगों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर मंगलवार को हरिपुर चौक में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय सरपंच रवि शर्मा ने कहा देश के भीतर रह रहे गद्दारों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। भारत में रहकर पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने वाले कभी भी इस देश की बेहतरी में कोई सहयोग नहीं करेंगे। इस तरह के देशद्रोहियों की निशानदेही की जानी चाहिए और जिनकी शह पर यह देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं उन्हें भी बेनकाब किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा इस तरह के लोगों की मौजूदगी में कभी भी प्रदेश में शांति नहीं हो सकती है। यह लोग देश और प्रदेश के अमन के खिलाफ चलने वाले हैं और पाकिस्तान के एजेंडे को लागू कर रहे हैं। प्रदर्शन के बाद उन्होंने मढीन पुलिस चौकी पर पहुंचकर इनके खिलाफ मामला दर्ज करने की शिकायत भी दर्ज कराई।