एसएसपी से मिलने के लिए कठुआ कार्यालय पहुंचे हरिपुर गांव के लोग, संवाद।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। गत 13 सितंबर को सड़क हादसे में मारे गए युवक के बेसहारा हुए परिवार को इंसाफ दिए जाने की मांग को लेकर हरिपुर पंचायत का शिष्टमंडल एसएसपी रमेश चंद्र कोतवाल से मिला। ग्रामीणों ने एसएसपी से इस मामले में जांच कर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जाने की मांग की।
शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे गांव के सरपंच रवि कुमार ने कहा कि उक्त हादसे में युवक की मौत के बाद उनका पूरा परिवार बेसहारा हो चुका है। घर में वही एकमात्र काम आने वाला था, जो किसी तरह मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। युवक की मौत के बाद अब उसके परिवार के ऊपर इस महंगाई के दौर में पेट भरने का संकट सामने आ गया है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में रिपोर्ट लिखाने के बाद भी अब तक पुलिस न तो टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर पाई है, और न ही वाहन चालक को पकड़ पाई है। बेसहारा परिवार को इंसाफ देने के लिए पुलिस को जल्द इस मामले में कार्रवाई करने की जरूरत है। नहीं तो गांव के सभी लोग कड़ा कदम उठाएंगे। वहीं, एसएसपी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह व्यक्तिगत रूप से इस मामले में जांच अधिकारी से बात कर पीड़ित परिवार को जल्द इंसाफ दिलाने का प्रयास करेंगे।