कठुआ। हीरानगर में आयोजित जिला वालीबॉल चैंपियनशिप जीतने वाले और जम्मू विश्वविद्यालय में इंटर कॉलेजिएट ट्रॉफी की क्रास कंट्री में रजत और कांस्य पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में राजकीय डिग्री कॉलेज में समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. एमएस पठानिया ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को कठिन परिस्थितियों में जीत हासिल करने पर बधाई दी। साथ ही फिजीकल डायरेक्टर डॉ. जेएस सूदन के प्रयासों की सराहना की।
प्रधानाचार्य ने बताया कि जम्मू विश्वविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध लगभग 90 कॉलेजों ने भाग लिया है, जहां जीडीसी कठुआ ने रजत और कांस्य पदक जीता है। विजेताओं में पल्लवी ठाकुर ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि ममता शर्मा ने 5 किमी क्रॉस कंट्री दौड़ में तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में 10 किमी क्रॉस कंट्री रन की कड़ी प्रतियोगिता में कॉलेज के प्रतिभागी चौथे और 5 वें स्थान पर पहुंचे। इस मौके पर प्रो. राज किरण, प्रो. जसविंदर सिंह, प्रो. राकेश सिंह जसरोटिया, डॉ. कैलाश शर्मा, डॉ. सूर्य प्रताप, डॉ. रचना, डॉ. अमरीक सिंह, प्रो. कौरव सिंह, रोशन लाल उपस्थित रहे।