महिला शिक्षक से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने हेडमास्टर और शिक्षक को हिरासत में लिया है। दोनों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं शिकायत का संज्ञान लेते हुए उप मुख्य शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।मामला बिलावर की लोहाई मल्हार तहसील के पटौड़ी मिडिल स्कूल का है।
महिला शिक्षक ने पुलिस शिकायत में कहा कि स्कूल के हेडमास्टर और एक अन्य शिक्षक ने उनके कमरे में आकर जबरन छेड़छाड़ की। बचाव के लिए उन्हाेंने जब शोर मचाया तो दोनों आरोपी फरार हो गए। बाद में उन्होंने घटना की सारी जानकारी पहले पति को दी और फिर पुलिस से शिकायत कर रहीं हैं।
पुलिस ने शिकायत का संज्ञान लेकर आरोपी हेडमास्टर रमणीक कुमार बसोत्रा और शिक्षक कृष्ण चंद के खिलाफ आरपीसी की धारा 354 और 452 के तहत मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया। जिला पुलिस के अनुसार शिकायत में घटना 23 अगस्त की बताई गई है। दोनों आरोपी पकड़ लिए गए हैं। जानकारी के अनुसार स्कूल में 109 बच्चे पढ़ते हैं जिन्हें पढ़ाने के लिए पांच शिक्षकों में दो महिला शिक्षक हैं।
इस पर विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाएं पीड़िता के समर्थन में उतर आई हैं। स्कूल एजुकेशन इंप्लाइज को-आर्डिनेशन कमेटी के राज्य महासचिव सतीश दत्ता ने कहा कि आरोपियाें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। रहबर-ए-तालीम टीचर्स फोरम की मीना कुमारी ने कहा कि स्कूलों के माहौल की पवित्रता बचाए रखने के लिए जरूरी है कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।