अब मिठाई की दुकान से 50
हजार की नकदी ले उड़े चोर
- कालीबाड़ी चौक का मामला, पुलिस ने मौके पर पहुंच शुरू की छानबीन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर में चोरी की घटनाएं थम नहीं रहीं। सोमवार रात चोरों ने कालीबाड़ी चौक स्थित मिठाई की दुकान में धावा बोला। इस दौरान दुकान में रखी करीब 50 हजार की नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़ित दुकानदार प्रीतम चंद ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 6 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे, तो देखा कि शटर खुला है। इस पर दुकान में चोरी होने की आशंका हुई। इसकी जानकारी चौक में बैठे लोगों को दी। जब लोगों के साथ दुकान में घुसे, तो देखा कि गल्लक में रखी नकदी नहीं है। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।
दुकानदार के अनुसार गल्लक में रखे करीब 50 हजार रुपये चोरी हुए हैं। इसके अलावा कोई सामान चोरी नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि बीते रविवार को भी शहर में दो अलग-अलग जगहों पर वारदातें हुई थीं। उक्त दुकानों से भी चोर नकदी ही ले गए थे।