कठुआ। जिले में गुज्जर-बक्करवालों की मूवमेंट की आड़ में पशु तस्करी के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। वीरवार को पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर 27 मवेशियों को छुड़ाकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में बनी-भद्रवाह मार्ग पर लोआंग क्षेत्र में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 12 मवेशी बचाए। ये लोग पैदल पशुओं को लेकर भद्रवाह की तरफ जा रहे थे। वहीं हीरानगर के राजबाग में भी पुलिस ने एक ट्रक में लदे 15 मवेशियों को छुड़ाकर चालक को गिरफ्तार किया है।
कठुआ पुलिस ने बताया कि सूत्रों से जानकारी मिली थी कि लोआंग से भद्रवाह, डोडा की ओर पैदल जा रहे लोग पशुओं की तस्करी में शामिल हैं। पुलिस टीम ने लोआंग क्षेत्र में सरथल के पास नाका लगाकर चार लोगों को पैदल मवेशियों को ले जाते पकड़ा। आरोपियों की पहचान मोहम्मद रफी निवासी केरी (पठानकोट), जाकिर हुसैन (जालंधर), कमलेश कुमार और सुनील कुमार निवासी फतेहपुर (बनी) के रूप में हुई है। ये लोग अपने साथ आठ गाएं, तीन बैल और एक बछड़े को लेकर जा रहे थे। इनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरे मामले में हीरानगर के राजबाग में हाईवे पर पुलिस नाके के दौरान ट्रक (जेके02 ए क्यू 2395) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर इसमें 15 मवेशी पाए गए। गिरफ्तार किए आरोपी की पहचान मोहम्मद अरशद निवासी गंगोह, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।