कठुआ/हीरानगर। जम्मू-पठानकोट हाईवे पर सेहस्वां मोड़ के पास एक ढाबे के बाहर पुलिस ने एक महिला को 26 ग्राम हेरोइन और 69 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथ आए तीन आरोपी कार लेकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि सेहस्वां मोड़ पर सुबह साढ़े आठ बजे के करीब ढाबे के पास एक कार रुकी। इसमें एक महिला समेत तीन लोग सवार थे। तीनों युवक कार से उतरकर ढाबा संचालकों से फॉयल पेपर मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने बहस शुरू कर दी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया, जिसके बाद तीनों युवक मौका पाकर गाड़ी लेकर फरार हो गई, जबकि इसके साथ आई महिला वहीं रह गई। ढाबा संचालकों ने पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला से सख्ती से पूछताछ की तो उसके पास हेरोइन और नकदी बरामद हुई। महिला की पहचान प्रिया शर्मा निवासी समेलपुर कोठा (जम्मू) के रूप में हुई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फरार तीनों आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी का मामला दर्ज है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।