कठुआ। शहर के शिवानगर में एक घर में घुसकर चोरों ने नकदी और गहने चोरी कर लिए, जबकि परिवार वालों को इसकी भनक तक नहीं लगी। शिकायत मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने छानबीन करने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घर के मालिक राजपाल शर्मा ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात को वह घर के अन्य सदस्यों के साथ दूसरे कमरे में सोए थे। सुबह चार बजे नींद खुलने के बाद जब बाहर आकर देखा तो पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था। दूसरे कमरे में अलमारी और ट्रंक में रखी एक लाख की नकदी और करीब तीन लाख के जेवरात चोरी हो चुके थे।
कठुआ थाने के प्रभारी ओपी चिब ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। शातिर घर की छत से दाखिल हुए हैं। घर के आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द शातिरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, स्थानीय लोगों ने चोरी की घटना पर रोष जताया है और पुलिस से रात को गश्त बढ़ाने की मांग की है।