मौके पर से एक पत्र भी मिला है, जांच की मांग
प्रदर्शनकारियों में शामिल सरपंच प्रदीप सिंह ने बताया कि राजकीय डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर की प्रताड़ना के बाद 19 वर्षीय संजय कुमार पुत्र बोध राज निवासी चक भागा ने फांसी लगा ली है। उन्होंने बताया कि मृतक ने इस घटना से पहले एक पत्र भी लिखा है, जिसमें उसने इसके लिए कॉलेज के एक प्रोफेसर रजनीश शर्मा को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह की घटना जिसमें एक घर का चिराग बुझ गया, बहुत दुखद है। लिहाजा इसकी जांच होनी चाहिए।
पूरे कॉलेज प्रबंधन को बताया जिम्मेदार
वहीं सहपाठी की मौत पर रोष जता रहे कॉलेज के एनसीसी कैडेट अक्षत सिंह ने कहा कि मृतक संजय जो कि कॉलेज में उनका जूनियर था। वह काफी हंसमुख स्वभाव का था। लेकिन, कॉलेज के शिक्षक की प्रताड़ना के कारण उसने मौत को गले लगा लिया। इसके लिए कॉलेज का पूरा प्रबंधन जिम्मेदार है। जो कि यहां की व्यवस्था को सुचारु नहीं चला पा रहा है। आए दिन विद्यार्थी अपनी समस्याओं को लेकर सड़कों पर उतर रहें हैं। लेकिन, उनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
'जांच जारी, कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी'
इस संबंध में थाना प्रभारी ओपी चिब ने बताया कि अभी इस मामले में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। शाम हो जाने के कारण मृतक के शव का पोस्टमार्टम भी नहीं हो पाया है। जिसके कारण उसके शव को पुलिस ने अपने कब्जे में रखा है। इसके अलावा आरोपित प्रोफेसर को पूछताछ के लिए फिलहाल थाने में बुला लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।