कठुआ। भारत स्पोर्ट्स क्लब की ओर से बनी में करवाई जा रही टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का शनिवार को दूसरे राउंड का खेल शुरू हुआ। इसका आगाज वन रेंज अधिकारी बनी नरेंद्र वर्मा ने किया। शनिवार को खेले गए दो मुकाबलों में क्रेजी ब्वॉयज और शिवाय इलेवन की टीम ने मैच अपने नाम किए।
दूसरे राउंड का पहला मुकाबला पनियालग टीम और क्रेजी ब्वॉयज के बीच खेला गया। इसमें क्रेजी ब्वॉयज की टीम ने मुकाबले को 15 रनों से जीत लिया। दूसरा मुकाबला चंडियार और शिवाय इलेवन के बीच खेला गया। इसमें शिवाय इलेवन ने सात रनों से जीत दर्ज की।
सुरेश ने चार विकेट हासिल कर चार ओवर में 12 रन दिए और अपनी टीम को जीत दिलाई। रेंज अधिकारी नरेंद्र वर्मा ने कहा कि खेल अमन का पैगाम देते हैं और साथ-साथ खेलकूद से नौजवानों की फिटनेस भी बनी रहती है। उन्होंने भारत स्पोर्ट्स क्लब के प्रयासों की सराहना की।