संवाद न्यूज़ एजेंसी
हीरानगर। सीमावर्ती क्षेत्र में पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चढ़वाल पुलिस ने सोमवार तड़के एक कैंटर से 10 गाय बरामद कर तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस की नाकाबंदी के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि बरामद सभी गायों को सुरक्षित बचाकर गौशाला भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब दो बजे पुलिस चौकी के प्रभारी अंकेश कुमार अपनी टीम के साथ ज
चड़वाल मोड़ पर नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान कठुआ की ओर से आ रहा एक छोटा कैंटर पुलिस को देखकर संदिग्ध तरीके से गतिविधियां करने लगा। चालक ने मौके से निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कैंटर में 10 गाय लदी हुई मिलीं। इसी बीच अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सभी गायों को सुरक्षित बाहर निकालकर गौशाला भिजवा दिया। फरार चालक की तलाश की जा रही है।