डीसी कार्यालय परिसर में महिला कर्मचारी की कोरोना जांच करता स्वास्थ्यकर्मी। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। संभाग के अन्य जिलों के मुकाबले जांच और सख्ती के बीच कोरोना की रफ्तार बढ़ती ही चली जा रही है। बुधवार को जिले के विभिन्न हिस्सों में की गई जांच के दौरान 93 लोगों को संक्रमित पाया गया है। उधर, लखनपुर कॉरिडोर पर भी विभिन्न प्रदेशों और जिलों से कुल 97 लोग संक्रमित पाए गए हैं। बुधवार को जिले में जांच के दौरान पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में 8 संक्रमित, डीसी दफ्तर में चार संक्रमित जबकि बसोहली और बनी के जम्मू कश्मीर बैंक ब्रांच में भी संक्रमित पाए गए हैं। सैनिटाइजेशन और स्टाफ की जांच वीरवार को करवाने के निर्देश देते हुए प्रशासन ने बुधवार को बैंक ब्रांच में आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की जांच के दौरान परोल में 55, हीरानगर में 16, बिलावर में 13, बसोहली में सात और बनी में दो लोगों को संक्रमित पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही संदिग्ध लक्षण वाले लोगों को तुरंत जांच करवाने और होम आइसोलेशन में ही रहने की सलाह दी जा रही है।
उधर, लखनपुर में औसतन रोजाना चार हजार के लगभग लोगों की जांच जारी है। हालांकि बढ़ते मामलों के बाद भी जांच के दायरे में अबतक केवल टैक्सी, बस, कैब आदि से आने वालों को ही रखा गया है। डबल वैक्सीनेशन वालों को जांच में छूट दी जा रही है। लखनपुर में पाए गए संक्रमितों में जम्मू के 16, पंजाब के दस, कठुआ के आठ सहित अन्य जिलों के इक्का दुक्के मामले भी शामिल हैं। वहीं, हीरानगर के मथुराचक में संक्रमितों के सामने आने के बाद प्रशासन ने एहतियातन इलाके को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। कठुआ शहर में बीते सप्ताह घोषित दो माइक्रो कंटेनमेंट जोन के बाद जिले का यह तीसरा माइक्रोकंटेनमेंट जोन है।