एनएचपीसी संचालित सेवा दो परियोजना ने इस बार भी बिजली उत्पादन के अपने तय लक्ष्य को मार्च महीने के पहले सप्ताह में ही पूरा कर लिया है। लगातार दूसरे साल परियोजना ने तय लक्ष्य को पूरा करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हालांकि इस बार परियोजना को कई तरह की चुनौतियों को सामना करना पड़ा।
पेनस्टॉक में आई तकनीकी खराबी के चलते जहां परियोजना की तीनों टरबाइनें 7-18 दिसंबर 2015 तक बंद रहीं, वहीं इस बार कम बारिश ने भी परियोजना में उत्पादन को खासा प्रभावित किया। इन सब परिस्थितियों के बावजूद परियोजना ने 534 मिलियन यूनिट के अपने बिजली उत्पादन के लक्ष्य को इस महीने की चार तारीख को ही हासिल कर लिया।
परियोजना प्रबंधन की मानें तो पिछले साल परियोजना के इतिहास में 594 मिलियन बिजली यूनिट उत्पादन का रिकार्ड बना था, जिसे इस बार भी हासिल करने का लक्ष्य लेकर चला जा रहा है। इसके लिए परियोजना को पिछले दो वर्ष एनएचपीसी संचालित देशभर के 18 पॉवर स्टेशनों में बेस्ट पावर स्टेशन का खिताब भी हासिल हुआ था।
परियोजना के मुख्य प्रबंधक विक्रम सिंह ने बताया कि परियोजना स्टाफ की अथक मेहनत का ही नतीजा है कि लगातार पिछले तीन सालों से बिजली उत्पादन के नए रिकार्ड स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना की ओर से सामाजिक दायित्व को निभाते हुए आसपास के इलाकों के विकास के साथ लोगों को साथ लेकर चलने के कार्य भी जारी हैं।