कठुआ। कोट पुन्नू क्षेत्र के लोगों ने गांव की सरकारी भूूमि पर कब्जा करके रहने वाले एक परिवार को गांव की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए प्रशासन से उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार को डीसी राहुल यादव से मिलने पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि करीब चार साल से उक्त परिवार गांव के लोगों के साथ कई बार विवाद कर चुका है। उसकी शिकायत राजबाग थाने में भी की जा चुकी है। लेकिन उक्त अपनी शैली में बदलाव के बजाए लोगों को लगातार धमकियां दे रहा है। लिहाजा उक्त परिवार को सरकारी भूमि से बेदखल किया जाए। इस पर डीसी ने ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद तहसीलदार को भूमि से कब्जा खाली कराने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे सरपंच विनय शर्मा ने बताया कि उनकी पंचायत में एक विशेष समुदाय का एक परिवार आए दिन लोगों के साथ विवाद करता है। जिससे पूरी पंचायत के लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि करीब 365 कनाल सरकारी भूमि पर कब्जा कर बैठे उक्त परिवार आए दिन लोगों के साथ मारपीट करता है। जिसकी दर्जनों बार राजबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इसी समुदाय के कई अन्य परिवार भी गांव में रहते हैं, लेकिन उनका किसी से कोई विवाद नहीं होता है। इस परिवार के कारण गांव में अन्य विवाद भी हो सकता है। जिससे गांव की शांति व्यवस्था भंग हो सकती है। उन्होंने कहा कि डीसी ने इस बारे में तहसीलदार मढ़ीन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। लिहाजा अभी वह इस संबंध में प्रशासन की कार्रवाई को देखेंगे। अगर लोगों की मांग के अनुरूप कार्रवाई नहीं की गई, तो लोगों की सुरक्षा को देखते हुए कोई कड़ा फैसला लेने से पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर गांव के नायब सरपंच नरेश कुमार, राम लाल, कालीदास, मनोहर लाल शर्मा, खेमराज, रामपाल, वीरेंद्र सिंह आदि रहे।