हीरानगर। जैसे-जैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, बिजली कटौती भी तेज हो रही है। दिन में कुछ घंटे ही लोगों को बिजली मिल पा रही है। जिससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी है। बिजली कटौती के कारण व्यापारी वर्ग भी परेशान है, जिनका कारोबार पूरी तरह बिजली पर निर्भर है। व्यापारियों को बिजली आने का इंतजार करना पड़ता है।
बिजली कटौती की समस्या पर मोबाइल मरम्मत कर काम करने वाले रंजीत कुमार ने बताया कि बैंक से कर्ज लेकर करीब तीन माह पहले छोटा रोजगार शुरू किया था। जिसमें ज्यादातर काम बिजली पर निर्भर है। बिजली कटौती की वजह से नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हर महीने समय पर सात सौ से एक हजार रुपये तक बिल भरने के बावजूद भी पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही। अगर विभाग को बिल समय पर और पूरा चाहिए तो बिजली भी नियमित रूप से देनी चाहिए। काम ही नहीं चलेगा तो बैंक का कर्ज कैसे चुकाएंगे।
रमन कुमार ने कहा सात से आठ घंटे बिजली कटौती हो रही है। इनवर्टर भी सही से चार्ज नहीं हो रहे हैं और लोगों को बिना पंखे के घरों में रहना पड़ रहा है। स्कूल से पढ़कर बच्चे दोपहर में लौटते हैं तो उन्हें भी पंखे के नीचे बैठकर खाना खाना नसीब नहीं है। उन्होंने कहा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था पहले से भी बदतर हो गई है। इस बार नवरात्र में भी नियमित बिजली नहीं मिली। इस बारे में विभाग के अधिकारियों से बात की तो उनका कहना है कि ओवरलोडिंग की वजह से ग्रेड में समस्या आने के कारण दिक्कत आ रही है।