बिलावर। बिलावर को जिले का दर्जा दिलाने के लिए नौ अप्रैल शनिवार को बिलावर जिला आंदोलन कमेटी एक दिवसीय सम्मेलन करेगी। जिसमें बिलावर इलाके के कई लोग शिरकत करेंगे। बिलावर जिला आंदोलन कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरि चंद जलमेरीया ने बताया कि बिलावर तहसील कार्यालय के पास मैदान में बिलावर जिला आंदोलन के कई सदस्य जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से बिलावल जिला आंदोलन की ओर से बिलावर को जिले का दर्जा दिलाने की मांग की जा रही है।
लेकिन सरकार इस संबंध में कुछ नहीं कर रही। बताया कि बिलावर का क्षेत्रफल बहुत बड़ा है और दूरदराज के कई इलाकों के लोगों को जिला संबंधित कामकाज निपटाने के लिए बहुत दूर जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई सरकारें आई और कई सरकारें गई, लेकिन किसी ने भी बिलावर को जिले का दर्जा देने के लिए रुचि नहीं दिखाई। प्रधान ने बिलावर जिला आंदोलन कमेटी के सभी सदस्यों से अपील की है कि वह नौ अप्रैल शनिवार को सुबह 11:00 बजे बिलावर तहसील कार्यालय के पास मैदान में पहुंचकर सहयोग करें, ताकि बिलावर को जिले का दर्जा दिलाया जा सके।