खुशमिजाज मौसम में तेजी से ठंडक घुलने लगी है। बीते दिनों से लगातार गिर रहा पारा सोमवार को सूरज न निकलने से शीतलहर का अहसास करवाता रहा।
दिन में अधिकतम तापमान ने जहां कई डिग्री नीचे का गोता लगाया वहीं हवा में नमी से सर्दी की आमद भी बखूबी महसूस हुई। निचले मैदानी इलाकों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है तो दिन के समय धूप की जरूरत महसूस हो रही है।
जनपद में सोमवार को दिन भर सूरज न निकलने से ठिठुरन बढ़ गई। कुछ समय के लिए तो बारिश के आसार बने रहे लेकिन दिन भर बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई।
स्कॉस्ट जम्मू की कठुआ एग्रोमेट यूनिट के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान बीते दिन के मुकाबले छह डिग्री गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान का पैमाना 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आर्र्दता का औसत पैमाना 45 फीसदी बना रहा जिससे ठंड के अहसास में इजाफा हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में बादल छाए रहने या फिर हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। उधर जिले के पर्वतीय इलाकों में सर्दी का मौसम शिद्दत से अपना असर दिखा रहा है।
सुदूरवर्ती बनी सब डिविजन के पर्वतीय इलाकों में तो धुंध और लगातार गिरते तापमान से दुश्वारियां होने लगी हैं। पिछले दिनों सीजन की दूसरी बर्फबारी देख चुके पर्वतीय इलाकों में तो सर्दी ने लोगों की जीवनशैली पूरी तरह से बदल दी है।
सर्दी की आमद से पूर्व ही पर्वतीय इलाकों के ग्रामीण अगले कुछ महीनों के लिए राशन और मवेशियों के लिए चारे का भंडारण कर चुके हैं।