गोलीकांड मामले में पुलिस की कार्रवाई को एक तरफा करार देते हुए आरोपी युवक के अभिभावकों ने अनशन पर जाने की चेतावनी दी है।
एसएसपी कठुआ कार्यालय पहुंचे अभिभावकों और पीडीपी जिला इकाई के सदस्यों तथा पार्टी समर्थकों ने पूर्व मंत्री बाबू सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
साथ ही एसएसपी को एक दिन का अल्टीमेटम देते हुए साफ कर दिया कि यदि अब ठोस कार्रवाई नहीं की तो वे न्याय पाने के लिए धरना प्रदर्शन से लेकर अनशन को मजबूर हो जाएंगे।
पूर्व डिप्टी सीएम मंगत राम शर्मा के पोते नितिन शर्मा की मां नीलम शर्मा ने कहा कि पूर्व बिजली मंत्री ने उस रात उनके घर में घुसकर आपत्तिजनक व्यवहार किया।
घर में तोड़फोड़ की और समर्थकों के हुजूम के साथ घर की महिलाओं के साथ बदसलूकी की। नीलम शर्मा ने कहा कि उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है।
उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने केवल एक पक्ष को ही सुना है जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की है।
नितिन के पिता और पीडीपी से कठुआ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी सुभाष शर्मा ने कहा पुलिस को मामले की सच्चाई सामने लानी होगी।
उनके घर में घुसकर हिंसक वारदात को अंजाम दिया गया है लेकिन पुलिस ने अभी तक उनकी शिकायत का संज्ञान तक नहीं लिया है।
उन्होंने कहा कि एसएसपी कठुआ ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि कमेटी गठित कर मामले की जांच की जाएगी। कमेटी की जांच के आधार पर जो भी सच सामने आता है तो उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई को सुनिश्चित किया जाएगा।