बिलावर। उपमंडल के दूरदराज इलाकों के लोगों की सहूलियत के लिए इलाके के कई जनप्रतिनिधियों ने सरकार से एसआरटीसी बस सेवा शुरू करने की मांग की है। मछैडी पंचायत की निवासी दुनी चंद बदनोता निवासी श्यामलाल, किंडली निवासी मोहम्मद आलम ने बताया कि उपमंडल के दूरदराज के कई इलाके उधमपुर जिला से लगते हैं और इलाके के कई लोग वाया मछैड़ी से होकर कई प्रकार के कामकाज के लिए हर दिन कठुआ जिला मुख्यालय पहुंचते हैं, जिन्हें कठुआ पहुंचने में करीब 12 घंटे लग जाते हैं।
लोगों ने कहा कि डल भजौही, मछैडी, किंडली, बदनोता, लोहाई मल्हार, सदरौता, बांजल भटवाल और उधमपुर जिला के बसंतगढ़ और लाटी धुना के कई लोग कठुआ की तरफ आते जाते हैं, जिन्हें कठुआ पहुंचने के लिए पूरा दिन लग जाता है। उन्होंने बताया कि लोग मछैडी से यात्री वाहन पर सवार होकर बिलावर पहुंचते हैं, जिसके बाद लोगों को बिलावर से बस सर पर सवार होकर कठुआ पहुंचना पड़ता है। इससे लोगों का काफी समय बर्बाद होता है। साथ ही लोगों को सरकारी कामकाज निपटाने के लिए कई बार जिला मुख्यालय पर दो से अधिक दिन भी लग जाते हैं। इलाके के अन्य पंचायत प्रतिनिधि ने बताया कि 10 वर्ष पूर्व सरकार की ओर से कठुआ से मछैडी के लिए एसआरटीसी बस सेवा शुरू की गई थी, जिसे चंद महीनों बाद बंद कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि कई बार सरकार के आगे इलाके के लिए एसआरटीसी बस सेवा शुरू करने के लिए गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं की जा रही है। उपमंडल के दूरदराज इलाके के लोगों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द बिलावल उप मंडल के दूरदराज इलाकों के लोगों की सुविधा के लिए कठुआ से एसआरटीसी बस सेवा शुरू की जाए।