फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरपंच ने मंडलायुक्त के समक्ष उठाया अवैध खनन का मुद्दा

विज्ञापन
विज्ञापन
हीरानगर। सीमावर्ती गांव हरिया चक में ब्लॉक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मंडलायुक्त राघव लंगर ने पंचायत प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया और उनके इलाके की समस्याओं को सुना। कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों से आए प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में उन्हें अवगत कराया।
विज्ञापन

सरपंच विनय शर्मा ने अवैध खनन का मामला उठाते हुए कहा कि अवैध खनन करने वालों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामला मंडलायुक्त के समक्ष रखा है, तो समाधान जरूर होगा। इस दौरान उन्होंने 20 से 30 साल पुराने बिजली के तारों को बदलने और इन्हें खेतों से हटाकर सड़कों के किनारे लगाने की मांग की।
डीडीसी के सदस्य अभिनंदन शर्मा ने कहा कि निचले स्तर पर अधिकारियों को एक बार कहने से लोगों की समस्याओं के समाधान नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि तहसील कार्यालयों में ऑफलाइन डोमिसाइल न बनने से लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी दौरान उन्होंने अपने चुनावी क्षेत्र के कुछ गांवों में ट्रांसफार्मर अपग्रेड करने की मांग भी की।
विज्ञापन

सांझी मोड़ में अतिक्रमण पर कार्रवाई करने की मांग
सरपंच राहुल हंस ने सांझी मोड़ में अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए कहा कि यात्री शेड की जगह पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ है, जिसकी वजह से यहां उसका निर्माण नहीं हो पा रहा। कुछ महीने पहले इन पर कार्रवाई की गई, लेकिन कुछ दिनों के बाद अतिक्रमणकारियों ने फिर यहां कब्जा जमा लिया। हरिपुर के सरपंच रवि कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्र में एग्रीकल्चर टूरिज्म को बढ़ावा देने की मांग की। रेत बजरी के मनमाने दाम वसूले जाने की शिकायत भी उन्होंने यहां रखी। पूर्व सरपंच योगेश सिंह ने हाईवे से हायर सेकेंडरी स्कूल चंदवां को जोड़ने वाली सड़क के विस्तारीकरण की मांग की। पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से सुनाई गई समस्याओं से संबंधित विभागों के अधिकारियों ने एक-एक कर समस्याओं के समाधान के लिए चल रही कार्यवाही की जानकारी दी।
लोगों के बीच जाकर समस्याएं हल करना मुख्य उद्देश्य
मंडलायुक्त ने आश्वासन देते हुए कहा कि जिन समस्याओं का यहां मौके पर समाधान हो सकता है वह अधिकारी मौके पर ही करके जाएंगे। बाकी के लिए अधिकारियों से विचार विमर्श किया जाएगा, लेकिन इसमें यह खास ख्याल रखा जाएगा कि इस ब्लॉक दिवस का लोगों को पूरा फायदा मिले। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ही यही है कि लोगों की समस्याओं को उनके बीच जाकर सुना जाए और उनका हल जल्द से जल्द कराया जाए। इस मौके पर जिला उपायुक्त राहुल यादव, एसएसपी आरसी कोतवाल, एसडीएम राकेश शर्मा, तहसीलदार गुलशन कुमार, पंच एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार, डीडीसी सदस्य कर्ण अत्रि आदि मौजूद रहे।
विद्यार्थियों की परेशानियों से भी कराया अवगत
दाखिले के लिए सीटें सीमित किए जाने से विद्यार्थियों को हो रही परेशानियों के बारे में मंडलायुक्त को जानकारी दी गई। सरपंच राकेश चौधरी ने कहा कि सीटें सीमित किए जाने से बच्चों को दाखिले नहीं मिल रहे हैं, जिससे उनके भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है। ओपन एडमिशन के लिए विद्यार्थी लगातार संघर्ष भी कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। डीडीसी के सदस्य अभिनंदन शर्मा ने भी इस मसले के समाधान की मांग की। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के कुछ बच्चों ने भी परेशानी बताई। इसके बाद मंडलायुक्त के आदेश पर गिरधारी लाल डोगरा मेमोरियल कॉलेज के प्रिंसिपल को मंच पर बुलाया गया। उन्होंने मामले में जानकारी दी। बाद में उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस मसले को लेकर कुछ दिन पहले एक डेलिगेशन भी उनसे मिला था। उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों से इस पर बात चल रही है। उनसे कहा गया है कि सीटें बढ़ाई जाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें