फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली सुधार के लिए ट्रांसफार्मरों व खंभों की जरूरत, अधिकारी बोलते हैं पंचायत फंड से काम करवा लो

विज्ञापन
विज्ञापन
बसोहली। मॉडल हाई सेकेंडरी स्कूल बसोहली में बुधवार को ब्लॉक दिवस पर डीसी राहुल पांडे के समक्ष पंचायत प्रतिनिधियों ने जनसमस्याएं रखीं। नगरोटा प्रेता पंचायत के पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया की पंचायत में बिजली सुधार के लिए तीन ट्रांसफार्मरों और 100 खंभों की जरूरत है। बिजली विभाग से जब भी बात करते हैं तो पंचायत फंड से काम करवाने के लिए कहा जाता है। पांच हजार की आबादी अघोषित बिजली कटौती से परेशान है।
विज्ञापन

नायब सरपंच अजीत सिंह ने कहा कि नक्की, मेयाली, खबली में 25 वर्ष पहले बनी सड़कों की मरम्मत आज तक नहीं की गई है। एससी-एसटी मोहल्लों में आंगनबाड़ी केंद्रों की दरकार है। प्राइमरी स्कूल नक्की में एक ही शिक्षक है।
रामाधीन चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष अमित मेहरा ने कहा कि बाहरी राज्यों से इलाके में आने वाले लोगों का पूरा रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि आपराधिक घटनाओं पर नजर रखी जा सके। झेंखर पंचायत के सरपंच केवल कुमार बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनाई गई बरमार-गला-झेंखर सड़क अभी तक बंद है। विभाग के एईई दीपक कोहली ने बताया कि ठेकेदार ने काम बंद किया है, उसे दो नोटिस दिए जा चुके हैं उच्च अधिकारियों के संज्ञान में भी मामला लाया गया है। डीसी ने जल्द इस पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुस्लिम माइनॉरिटी मोर्चा के प्रधान परवेज रजा ने बताया कि पंचायतों में पीएमजीएसवाई की सड़कें अधूरी हैं।
विज्ञापन

बनखंडी माता मंदिर के पुजारी भगवान दास ने सामुदायिक भवन बनाने की मांग रखी। वार्ड दो के पार्षद सुरिंदर सिंह ने कहा, बसोहली में शॉपिंग कांप्लेक्स बनाया जाना था, जिस पर स्टे लगा है। इसकी फाइल डीसी कार्यालय में पड़ी है। मॉडल हाई सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों की कमी को भी पूरा किया जाए। होटल पंचायत के सरपंच ने बताया कि पंचायत में बिजली के खंभे लगे हैं, लेकिन तार आज तक नहीं डाले गए। बसोहली की बीडीसी चेयरमैन ने डीसी को बताया कि ब्लॉक में पानी की किल्लत है। धार मानपुर ब्लॉक की बीडीसी अध्यक्ष ने कस्बे में बैंक खोलने की मांग की।
डीडीसी अध्यक्ष महान सिंह ने कहा कि ब्लॉक दिवस की समस्याओं का फॉलोअप भी होना चाहिए। बसंतपुर से थैं की सड़क की चौड़ाई का काम शुरू हो गया है, जहां सड़कें नहीं बनी हैं, उनके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत जिले के लिए 14 सौ करोड़ रुपये रखे गए हैं। दनना, नगाली, करनवाड़ा आदि प्राइमरी हेल्थ सेंटर में सुधार किया जा रहा है। डीसी ने सभी जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें