बिलावर। नगर कमेटी का वार्ड 1 आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। वार्ड के ज्यादातर इलाके में सड़क नहीं है, जिसके कारण वार्ड के करीब पांच सौ लोगों को पगडंडियों के रास्ते अपने घरों की तरफ जाना पड़ता है।
वार्ड के मोहल्ला लडान और मोहल्ला नडेरु की तरफ जाने के लिए किसी भी सड़क का निर्माण नहीं किया गया है। सड़क न होने के कारण अगर इन मोहल्लों में कोई बीमार पड़ जाए, तो उसे पालकी में डाल कर सड़क किनारे पहुंचाना पड़ता है। उसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया जाता है। इन दोनों मोहल्लों में कम वोल्टेज की समस्या के कारण लोगों को काफी परेशानियां उठानी पड़ती हैं।
वहीं, सरकार ने इन दोनों मोहल्लों में रहने वाले करीब तीन सौ लोगों के लिए आज तक पेयजल की सुविधा भी नहीं कराई है, जिससे ज्यादातर लोग प्राकृतिक जल स्रोतों के पानी पर पूरा साल निर्भर रहते हैं। मोहल्ला लड़ान कि लोगों ने बताया कि वर्ष 2010 में सरकार ने उनके मोहल्ले के लिए सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, जो आज तक अधर में लटका है। इन दिनों सड़क नाले में तब्दील हो गई है।
दूरदराज क्षेत्र होने के कारण नगर कमेटी की ओर से कोई सफाई करने की व्यवस्था भी इन मोहल्लों में नहीं है। लोग खुद ही अपने मोहल्लों में साफ सफाई करते हैं। वार्ड के 70 प्रतिशत इलाके में कूड़ा करकट डालने के लिए कूड़ेदान भी नहीं हैं। कई लोग वार्ड से बहने वाले नालों में गंदगी के ढेर लगाते हैं, जिससे लोगों को परेशानियां उठानी पड़ती हैं। वार्ड के लोगों ने सरकार से समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।
-------------------------------
आज भी वार्ड कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। साफ-सफाई करने की कोई व्यवस्था नहीं है। कूड़ा करकट डालने के लिए कमेटी की तरफ से कूड़ेदान नहीं लगाए गए हैं। जिससे वार्ड से बहने वाले नाले में लोग कूड़ा फेंक देते हैं, और लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। -ज्योति प्रसाद गौड़
--------------------------------
वार्ड में सड़क का निर्माण न होने के कारण आज भी लोग पैदल कच्चे रास्ते चलने को मजबूर हैं। कई बार इस संबंध में नगर कमेटी को अवगत कराया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। लोग इन दिनों में भी 70 वर्ष पुरानी जिंदगी जीने को मजबूर है। -क्षति मोहम्मद
---------------------------------
मोहल्ले में कम वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। सरकार की ओर से सड़क किनारे नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया था, लेकिन उसके बाद खंबे और बिजली के तार नहीं लगाए गए। जिससे लोगों को आए दिन वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ता है। बिजली पर चलने वाले उपकरण भी नहीं चल पाते। -फरमान अली
---------------------------------------
मोहल्ला नडेरु के करीब सौ लोग आज भी प्राकृतिक जल स्रोतों का पानी उपयोग में लाते हैं। सरकार की तरफ से आज तक मोहल्ले में पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई। लोग कई वर्ष पुराने समय की तरह जीवन जी रहे हैं। वार्ड 1 केवल नाम के लिए है। मूलभूत सुविधाओं से आज भी कई लोग वंचित है। -शामस दीन
------------------------------------
तीन वर्ष पूर्व मैंने चुनाव जीता था। लेकिन, फंड के अभाव से कई काम अधर में लटके हैं। पिछले 3 वर्षों में वार्ड में सरकार की ओर से केवल चार लाख रुपये की राशि ही विकास कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है। फंड के अभाव के कारण वार्ड में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। कई परियोजनाएं बनाकर भेजी गई थीं, जिन पर आज तक कोई काम नहीं हो पाया है। -सुनीता शर्मा, पार्षद, वार्ड 1
सुनीता शर्मा पार्षद वार्ड 1, संवाद।- फोटो : KATHUA
शम्शदीन।- फोटो : KATHUA
फरमान अली, संवाद।- फोटो : KATHUA
क्षति मोहम्मद।- फोटो : KATHUA
ज्योति प्रसाद गौड़, संवाद।- फोटो : KATHUA
वार्ड 1 के नडेरू मोहल्ले को जाने वाला रास्ता, संवाद।- फोटो : KATHUA
बिलावर के वार्ड 1 को जाने वाला खस्ताहाल रास्ता।- फोटो : KATHUA