बसोहली। बुधवार को मॉडल हाई सेकेंडरी स्कूल बसोहली के प्रांगण में बारलाचौगान यूथ क्लब की ओर से क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया। जिसका शुभारंभ एडीसी बसोहली तिलक राज थापा ने फीता काट कर किया। इस दौरान अधिकारियों ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने की नसीहत दी और खेल गतिविधियों में भाग लेने को कहा।
प्रथम दिन का क्रिकेट मैच का मुकाबला बारलाचौगान और परगना की टीम के मध्य हुआ, जिसमें बारलाचौगान की टीम विजेता रही। 28 रन बनाने वाले खिलाड़ी प्रिंस को मेन आफ द मैच के अवार्ड से नवाजा गया।
एडीसी ने कहा कि टूरिज्म के बाद बसोहली अब स्पोर्ट्स का भी हब बनने जा रहा है। सांधर में भी खेल का मैदान बनने जा रहा है, वहीं, सरकार हर एक पंचायत में खेल का मैदान बनाना चाहती है। धार महानपुर में भी टेंडर लगाया गया है यहां स्पोर्ट्स स्टेडियम बनने जा रहा है। इस दौरान तहसीलदार बसोहली अमन आनंद, एसडीपीओ बसोहली शाजिया मीर, खंड चिकित्सा अधिकारी अनुराधा केरनी और अन्य लोग उपस्थित रहे।