कठुआ। एडीसी कठुआ अतुल गुप्ता ने डीसी कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय सशस्त्र सेना झंडा दिवस समिति की बैठक की अध्यक्षता की। जिसमें आगामी सात दिसंबर को मनाए जाने वाले सशस्त्र सेना झंडा दिवस को लेकर चर्चा की गई। इसमें आम जनता, विशेष रूप से स्कूलों के बीच अधिकतम जागरूकता पैदा करने और सरकारी विभागों के सभी अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले स्वैच्छिक योगदान के संबंध में भी चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कठुआ के डीसी कार्यालय परिसर के सम्मेलन कक्ष में सात दिसंबर सुबह साढ़े दस बजे सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाएगा। जहां पूर्व सैनिकों और सेनानियों को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा। इसी के साथ-साथ पिछले वर्ष से योगदान में पर्याप्त वृद्धि के प्रयास किए जाएंगे, जिसके लिए ऑनलाइन योगदान का प्रावधान रखा जाएगा ताकि लोग संग्रह टीमों से संपर्क किए बिना ऑनलाइन योगदान कर सकें। दिवस को मनाने के लिए एनसीसी, एनएसएस, युवा क्लब के स्वयंसेवकों और अन्य लोगों को शामिल करने का भी निर्णय लिया गया। इस अवसर पर एडीसी कठुआ ने सीईओ कठुआ और हायर सेकेंडरी स्कूलों को देश के लिए प्राणों को न्यौछावर करने वाले वीरों की गाथाओं पर संवाद करेंगे।