हटलीमोड़ पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते गोविंदसर गांव के लोग। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। नामजद रिपोर्ट लिखाए जाने के बावजूद पिछले 10 दिनों से अगवा हुई युवती के बरामद न होने से गोविंदसर के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को स्थानीय लोगों ने हटली पुलिस चौकी के समीप जमा होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपने गुस्से का इजहार किया। साथ ही चेतावनी दी कि अगले 48 घंटे के भीतर अगवा हुई युवती को बरामद नहीं किया गया, तो वह लोग हाईवे जाम कर प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे बसपा के प्रदेश अध्यक्ष सोम राज मजोत्रा ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में नामजद रिपोर्ट लिखाने के बावजूद 10 दिनों के दौरान पुलिस अब तक आरोपी के मोबाइल की लोकेशन तक नहीं ट्रेस कर पाई है। इससे साफ है कि पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों द्वारा इस मामले में युवती के अगवा होने के बाद वह कहां थी इसके घर का भी पता बताया, लेकिन पुलिस अब तक वहां भी नहीं गई है। मजोत्रा ने पुलिस पर लोगों की सुरक्षा करने में असफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में आए दिन होने वाली चोरी की घटनाएं इस बात का सबूत है कि पुलिस अपनी ड्यूटी को पूरी ईमानदारी से नहीं निभा रही है। पुलिस के ऐसे ही रवैया के चलते आज इन लोगों की बहन बेटियों की इज्जत भी खतरे में आ गई है। लोगों को मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगले 48 घंटे के अंदर पुलिस ने लापता हुई युवती की तलाश नहीं की तो हाईवे जाम कर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शनकारियों में नायब सरपंच मक्खन लाल, बिहारी लाल, शशि पाल, ओम प्रकाश, रवि कुमार, सुरेंद्र कुमार, कमल कुमार आदि ग्रामीण उपस्थित रहे।