श्री अमरनाथ यात्रा के लिए कल यानी 29 जून को तड़के सुबह पहला जत्था जम्मू शहर के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना होगा। मंगलवार को कठुआ जिला प्रशासन ने जम्मू-कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर में बाबा बर्फानी के भक्तों का भव्य स्वागत किया।
जिला उपायुक्त राहुल यादव, एसएसपी कठुआ आरसी कोतवाल, डीडीसी उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह बबलू ने तिलक और हार पहनाकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। श्री अमरनाथ के भक्त देशभर से प्रदेश पहुंचना शुरू हो गए हैं। भोले बाबा के जयकारों से प्रवेशद्वार लखनपुर सहित विभिन्न आधार शिविरों में गूंज रहे हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि इस बार लखनपुर में पहले से बेहतर इंतजाम किए गए हैं।
लखनपुर में इस बार विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए हैं। गर्मी से बचाव के लिए बड़ा पंडाल लगाया गया है। इसके साथ ही यहां पर भक्तों के खानपान और बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रवेशद्वार पर सभी यात्रियों और उनके वाहनों की जानकारी दर्ज कर ही उन्हें जम्मू के लिए रवाना किया जा रहा है।
वहीं, जम्मू शहर में आज से यात्रियों के लिए तत्काल पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रूट और तिथि के मुताबिक मंगलवार सुबह सात बजे से निर्धारित केंद्रों पर तत्काल पंजीकरण किया जा रहा है। जम्मू के आधार शिविर भगवती नगर से बम बम भोले के जयघोष के साथ बुधवार तड़के पहला जत्था रवाना होगा, जो गुरुवार को पारंपरिक पहलगाम और बालटाल मार्ग से पवित्र गुफा की ओर प्रस्थान करेगा। इस बार 11 अगस्त तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 43 दिन की है।