हीरानगर। छन्न अरोड़ियां में उज्ज नहर से निकलने वाली छोटी नहरों की सफाई न होने के कारण पानी नहीं छोड़ा जा सका है। जिस वजह से किसानों को खेतों में सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। परेशान किसानों ने रविवार को रावी तवी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अवाम प्रोग्रेसिव मिशन के अध्यक्ष केआर रैना ने कहा उज्ज नहर से प्लाई, खानपुर जाने वाली छोटी नहर की सफाई और सिल्ट निकालने का टेंडर होने के बावजूद काम नहीं हुआ है। जिस वजह से अभी तक नहर में पानी नहीं छोड़ा गया है। जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। सिंचाई के लिए पानी न मिलने की वजह से गेहूं की फसल खराब होना शुरू हो गई है। जिससे किसानों में विभाग के खिलाफ रोष बढ़ता जा रहा है।
खासतौर पर जो किसान बारिश से सिंचाई पर निर्भर हैं, उन्हें इस नहर से पानी की बेहद जरूरत है। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा जल्द ही नहर की सफाई करवाकर पानी नहीं छोड़ा गया तो काफी किसानों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देंगे। जिसके लिए रावी तवी विभाग जिम्मेदार होगा। प्रदर्शन में देवेंद्र शर्मा, मोहिंदर पाल, सरदारी लाल, विजय कुमार, अशोक कुमार, भारती देवी, हतिशा शर्मा आदि रहे।