हटली मोड़ स्थित ग्रिड स्टेशन का दौरा कर बिजली सप्लाई के बारे में जानकारी लेती प्रशासनिक टीम। संव?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। पिछले 48 घंटे से जिले में चल रहा बिजली संकट कुछ हद तक सोमवार को हल होता नजर आ रहा है। रविवार रात से ही प्रशासन ने राजस्व टीमों के साथ पुलिस की मदद लेकर बिजली बहाली के प्रयास शुरू कर दिए थे। सोमवार शाम तक 75 फीसदी इलाकों में बिजली बहाल होने का दावा जिला प्रशासन ने किया है। इसमें पॉवर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और एनएचपीसी टीमों की मदद ली जा रही है। देर शाम तक 128 में 98 फीडरों को चालू कर दिया गया था। इससे लोगों को राहत मिली।
जिले के 128 फीडरों में से सौ के लगभग फीडरों के ठप होने के बाद रविवार रात नौ बजे के लगभग प्रशासन और पुलिस ने कमान संभाली। विभिन्न ग्रिड और सब स्टेशनों का दौरा कर उन्होंने बिजली कर्मचारियों से बिजली बहाल करने की अपील भी की। जिसके बाद रात डेढ़ बजे जिला उपायुक्त ने भी कई स्टेशनों का दौरा कर बिजली बहाली का प्रयास किया। सोमवार दोपहर उपराज्यपाल की ओर से मिले निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने बिजली बहाली के प्रयास और तेज कर दिए। विभिन्न फीडरों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस की टीमों के साथ पॉवर ग्रिड की टीमों की नियुक्ति कर दी गई। शाम तक जिला प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 98 फीडरों को बहाल कर दिया गया था। डीसी कठुआ राहुल यादव ने बताया कि शेष फीडरों को भी बहाल किया जा रहा है। पॉवर ग्रिड, एनएचपीसी की टीमें बिजली बहाली में जुट गई हैं। आम लोगों की दिक्कतों को काम करने के लिए प्रशासन दिन रात काम में जुटा हुआ है।
...............