दुकानों के बाहर बने शेड को कटर से काटते लोग। - संवाद।
- फोटो : KATHUA
हीरानगर। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे वीरवार को अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन का पीला पंजा चला। लौंडी मोड़ से लेकर हीरानगर मोड़ तक हाईवे किनारे सभी अवैध कब्जों को हटाया गया।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की तरफ से कुछ दिन पहले लाउडस्पीकर से यह घोषणा की गई कि हाईवे के किनारे अतिक्रमण को हटाने के लिए कार्रवाई की जाएगी। वीरवार को इसकी शुरुआत लौंडी मोड़ से की गई। कूटा, गुडा मुंडिया, छप्पर मोड़, छन्न मोरियां से होते हुए हीरानगर मोड़ तक अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान दुकानों के बाहर अवैध ढंग से किए गए पक्के निर्माण और अस्थायी निर्माण ढाए गए।
जैसे ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई तो लोगों ने खुद अतिक्रमण हटाने शुरू कर दिए। कुछ लोग कटर लेकर दुकानों के बाहर बने शेड काटते दिखे, तो कुछ सामान उठाकर दुकानों के भीतर रखने लगे। वहीं, इस मौके पर मौजूद एनएचएआई के अधिकारियों का कहना था कि हाईवे किनारे जितने भी अवैध कब्जे हैं, सबको हटाया जाएगा। जानकारी के अनुसार वीरवार को हीरानगर मोड़ तक खत्म हुई इस कार्रवाई को शुक्रवार को उससे आगे से फिर शुरू किया जाएगा।
कूटा में हाईवे किनारे अतिक्रमण हटाती जेसीबी। - संवाद।- फोटो : KATHUA