सर्दियों में बिजली का लोड बढ़ने के साथ ही लगातार ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से विभाग की दिक्कतें भी बढ़ी हैं। विभाग की मानें तो जहां 30 से 40 ट्रांसफार्मर रोजाना खराब हो रहे हैं, जबकि रोज तीन से चार ट्रांसफार्मर ही रिपेयर हो पाते हैं।
इससे कई इलाकों में बिजली के लिए हाहाकार मचता है। ऐसे में बिजली विभाग भी अब सख्ती के मूड में है।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो बिजली चोरी के चलते अधिकतर ट्रांसफार्मर आए दिन क्षतिग्रस्त होते हैं।
इसे देखते हुए विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता की देखरेख में टीम का गठन कर शहर में जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। विभागीय टीम ने सोमवार को बिजली चोरी रोकने के लिए कई इलाकों में छापे मारे। 120 से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जांच कर जुर्माने की प्रक्रिया को पूरा किया।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 50 फीसदी से अधिक घरों में सैंक्शन लोड से अधिक बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे निपटने के लिए विभाग ने अब एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर ली है। यही नहीं विभाग ने बकायादारों पर भी कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी की है।
बिजली विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता गणेश कुमार ने बताया कि अधिकतर उपभोक्ता बिजली की खपत उससे कहीं अधिक कर रहे जितना बिल चुकाते हैं। विभाग ने अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। सोमवार को चक दिवान कृपाराम, शहर के वार्ड दो सहित रामनगर कॉलोनी में जांच की गई है। इस दौरान अवैध रूप से इस्तेमाल किए जा रहे हीटर भी मौके पर ही तोड़ दिए गए।
बिजली विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता गणेश कुमार ने बताया कि सैंक्शन लोड से अधिक बिजली इस्तेमाल करते पाए जाने पर उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
अधिकारी ने कहा कि जिन घरेलू कनेक्शनों की बकायादारी 20 हजार से अधिक है, उनके कनेक्शन काटे जाएंगे। जिन व्यवसायिक कनेक्शनों की बकायादारी 30 हजार से अधिक है, तो उनके भी कनेक्शन काटने की योजना बनाई गई है।