कठुआ। घर से शादी समारोह के लिए निकले लोगों की ऑल्टो कार कठुआ जिले के बनी कस्बे के पास 500 फुट गहरी खाई में जा गिरी। शुक्रवार शाम सात बजे करड़ोह में हुए हादसे में चार लोगाें की मौत हो गई है। एक के लापता होने की सूचना है, जिसकी तलाश के लिए स्थानीय लोग और पुलिस के जवान रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं। चार शव बरामद होने के बाद पांचवें लापता व्यक्ति की तलाश जारी थी।
पुलिस के अनुसार बनी के दूरदराज ढग्गर से कुछ लोग कार से बसोहली के सियालग में शादी समारोह में हिस्सा लेने निकले थे। बताया जा रहा है कि शाम सात बजे के करीब करड़ोह के पास चालक का नियंत्रण खोने से कार गहरी खाई में जा गिरी। आसपास के लोगों को पता चला तो वे रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए। पुलिस भी बुलाई गई। घना जंगल, दरिया और गहरी खाई की वजह से रेस्क्यू करना मुश्किल हो गया। रात दस बजे तक चार शव निकाल लिए गए। सभी मृतक ढग्गर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।