भक्ति ज्ञान सम्मेलन के दौरान श्रीराम का जयघोष करते श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर के शिवानगर स्थित श्री अद्वैत स्वरूप आश्रम में 32वें वार्षिक भक्ति ज्ञान सम्मेलन का आगाज हो गया है। स्वामी सार शब्दानंद जी महाराज और स्वामी गुरु शरणानंद जी महाराज की प्रेरणा से श्री सार गुरु चरण सेवा सोसायटी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ के साथ किया गया। जिसमें काफी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर श्रीराम चरित मानस के बालकांड का पाठ किया।
कार्यक्रम के संबंध में आश्रम की प्रमुख सार ज्योत्सना नंद बाई जी ने बताया कि आश्रम में हर साल इसी तरह भक्ति ज्ञान सम्मेलन का आयोजन किया जाता है। जिसमें सबसे पहले आज श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा शाम के समय आश्रम में वीडियो माध्यम से सद्गुरु के दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को इस क्रम में रामचरितमानस अखंड पाठ के भोग के उपरांत भक्ति संगीत, सत्संग और उपदेश का कार्यक्रम अनवरत जारी रहेगा। वही रविवार को होने वाले मुख्य कार्यक्रम में सुबह सबसे पहले ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके उपरांत राम नाम संकीर्तन और विभिन्न स्थानों से आए संत महात्माओं का प्रवचन का लाभ आश्रम में आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा। कार्यक्रम के समापन पर गुरु के अटूट लंगर का आयोजन होगा। उन्होंने आश्रम में होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम आने वाले सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित करते हुए कहा कि आश्रम में आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की जाती है कि वह कोविड नियमों का पालन अवश्य करें।