कठुआ। शहर के वार्ड 19 शिवानगर में 32 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान गौरव पुत्र बलदेव राज के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी मौत केे कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
शुक्रवार देर शाम को मृतक के भाई ने उसे गंभीर अवस्था में जीएमसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत लाया घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने उसकी संदिग्ध मौत को देखते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल के शव गृह में रख लिया है। मृतक के भाई की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार शाम के समय उसका भाई घर आया और बाथरूम में चला गया। इस दौरान काफी देर तक जब वह बाहर नही आया तो घर वालों की चिंता बढ़ गई। आनन-फानन किसी तरह से बाथरूम के दरवाजे को खोल कर जब वह अंदर घुसे तो उसे वहां अचेत अवस्था में पाया। उसे अस्पताल में ले आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। लिहाजा उसकी मौत किन कारणों से हुई अभी इसका पता नहीं है।