जम्मू-कश्मीर प्रशासन प्रदेश के करीब चार लाख कर्मचारियों को डीए का तोहफा जल्द देने जा रही है। डीए को 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार वित्त विभाग की वित्त आयुक्त एवं मुख्य सचिव अरुण कुमार मेहता की तरफ से डीए जारी करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई है।
इस फाइल को अब उपराज्यपाल की मंजूरी के साथ ही सरकारी आदेश सामान्य प्रशासनिक विभाग की तरफ से जल्द जारी होगा। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों को डीए जारी होने के बाद केंद्र शासित लद्दाख में भी कर्मचारियों को डीए जारी करने का आदेश जारी हो चुका है। ऐसे में केंद्र शासित जम्मू कश्मीर के कर्मचारी भी डीए जारी होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।