अपने क्षेत्र के प्रभुत्व को लेकर शुक्रवार को किन्नरों में खूब मारपीट हुई। इसकी शिकायत दोमाना पुलिस तक पहुंची है। महंत बंदना ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
पुलिस का कहना था कि वह इस मामले की जांच कर रहे हैं। दूसरे ग्रुप को पुलिस स्टेशन आने को कहा गया है। जांच के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बंदना ने पुलिस को बताया कि वह मिश्रीवाला में पिछले चालीस वर्ष से रहते आ रहे हैं।
उनका अपने-अपने क्षेत्र में बधाइयां मांगने का काम है। कुछ अरसे से अखनूर के किन्नर उनके क्षेत्र मिश्रीवाला, दोमाना, बरनाई, मुट्ठी आदि में बधाइयां मांग रहे हैं। शुक्रवार में जब बंदना और उसके साथी मुट्ठी में एक घर से बधाई मांग रहे थे तो अखनूर से आए किन्नरों ने उनके साथ धक्कामुक्की की।
बात लात-घूसों और बेस बाल के बैट से मारने तक पहुंच गई। इसमें बंदना और सनम को चोटें आईं। उसने कहा कि कोई उनके क्षेत्र में आकर मांगेगा तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया है।