जम्मू। अखनूर में पकड़ी गई हेरोइन पाकिस्तान से ही आई है। पुलिस ने पत्रकार वार्ता में इसकी पुष्टि कर दी है। इसकी कीमत 35 करोड़ रुपये बताई गई है। मात्रा करीब सात किलो है। पांच तस्करों को भी दबोचा गया है।
पत्रकारों से बात करते हुए आईजी जम्मू एसडी सिंह जंबाल ने बताया कि अखनूर में पुलिस की ओर से नाका लगाया गया था। यहां एक कार को रोका गया। कार की तलाशी ली जाने लगी तो चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
कार चालक मोहम्मद रफीक निवासी बडोरी राया के पास से हेरोइन की पैकेट बरामद हुआ। सह चालक सोमनाथ से भी एक पैकेट बरामद हुआ। बाद में पुलिस ने इनसे पूछताछ पर तीन और लोगों को पकड़ा। यह लोग पलांवाला बार्डर पर रहने वाले हैं। इनमें खौड़ के वार्ड 4 का जबर सिंह उर्फ सन्नी, जंस्कार सिंह उर्फ गोशा और राजू सिंह उर्फ राजू शामिल हैं। इनके पास से भी पुलिस ने पांच और पैकेट बरामद किए। यह लोग क्रास बार्डर तस्कर हैं। लंबे समय से तस्करी करते आ रहे हैं।
आतंकवाद से कनेक्शन होने से इंकार नहीं
पाकिस्तान की तरफ से लगातार आतंकी घटनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस नशे की खेप से पैसा जमाकर आतंकियों तक पहुंचाने से भी पुलिस ने इंकार नहीं किया। यह खेप पंजाब और जम्मू के अलग अलग हिस्सों तक पहुंचाई जानी थी।