पुंछ। पुंछ जिले के भारत-पाक नियंत्रण रेखा पर स्थित गांव शाहपुर निवासी मोहम्मद हुसैन ने बताया कि शुक्रवार देर शाम को पाक सेना द्वारा दागे गए दो गोले घर में वहां गिरे जहां हम गोलाबारी से बचने के लिए छुपे हुए थे। गोलों से घर को काफी नुकसान हुआ। घर के अंदर रखा सामान और बर्तन तबाह हो गया, लेकिन खुदा की वजह से परिवार के लोग सही सलामत हैं। जब गोला गिरा तो इतना तेज धमाका हुआ कि घर हिल गया। कमरे में धूल धुआं हो गया। हमने देखा बच्चे बेहोश पड़े थे, लेकिन उनकी सांसें चल रही थीं। बाद में उनको होश आ गया। देर रात करीब दस बजे गोलाबारी के बीच जब अमर उजाला की टीम गांव शाहपुर पहुंची, तो वहां का मंजर बड़ा खौफ नाक था। कई घरों के अंदर और छतों पर पाक सेना के गोलों के टुकड़े नजर आ रहे थे। घरों के अंदर गोलों के टुकड़ों से छलनी हुए बर्तन और डरे सहमे से लोग देखने को मिले, जिनके हलक से दस घंटों से पानी की एक बूंद भी नीचे नहीं उतरी थी।
वहीं, शुक्रवार दोपहर को अचानक पाकिस्तानी सेना द्वारा जिले के शाहपुर सेक्टर के की गई गोलाबारी के कारण लोग जुमे की नमाज नहीं अता कर पाए। ग्रामीणों का कहना है कि डेढ़ बजे अभी मसजिदों में जुमे का कार्यक्रम शुरू ही हुआ था और अधिकतर लोग वहां जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि पाक सेना ने पूरे क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी शुरू कर दी। इससे जो जहां था वहीं दुबक गया। जो लोग मसजिद में थे वह भी नमाज अता करना भूल कर कोनों में छुप गए। रात में अंधेरा होने के बाद वहां से निकल कर लोग अपने घरों में गए।