उधमपुर। सरकारी नौकरियों में जम्मू संभाग के युवाओं के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए पैंथर्स पार्टी ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के राज्य प्रधान व पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय के बाहर नारेबाजी की।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पार्टी कार्यालय से रैली निकाल कर कार्यकर्ता डीसी कार्यालय पहुंचे, जहां प्रदर्शन किया। इस दौरान बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि जब से भाजपा-पीडीपी सरकार बनी है, तब से ही युवाओं के साथ भेदभाव बढ़ गया है। जम्मू के युवाओं को नौकरियों के लिए भटकना पड़ रहा है, जबकि 90 प्रतिशत नौकरियां कश्मीर के युवाओं को मिल रही हैं। मात्र दस प्रतिशत नौकरियां ही जम्मू के युवाओं के हिस्से में आ रही हैं, यह पूरी तरह अन्याय है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां पर नार्दर्न कमांड है। सेना को कई लोगों ने रास्ते व जमीनें दी हैं, लेकिन सेना में भर्ती के दौरान उन लोगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। एमईएस व एफओडी मेें लेबर, चतुर्थ श्रेणी सहित जितनी भी नौकरियां निकलती हैं। यदि वहां पर बाहरी राज्य का अधिकारी लगता है तो वह अपने राज्य के लोगों को नौकरी पर रख लेता है। जम्मू कश्मीर की नौकरियां कश्मीर में चली जाती हैं तो जम्मू संभाग का युवा कहां जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग तिरंगा लेकर देश के लिए कुर्बान होने के लिए तैयार हुए उन्हें आज तक कुछ नहीं मिला। 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान जिला के कई युवाओं ने पोर्टर बन कर सेना के साथ काम किया। आज यह पोर्टर नौकरी के लिए भटक रहे हैं। इस मौके पर तिरंतर सिंह, अनिल, रामपाल, रफीक चंदेल व अन्य मौजूद थे।