देश में सेना भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होगा। सेना भर्ती के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षण में शामिल होने से पहले आवेदकों का पहले ऑनलाइन टेस्ट होगा।
यह जानकारी भारतीय सेना भर्ती के कार्यवाहक महानिदेशक मेजर जनरल जेके मारवाल ने रविवार को यहां उदयपुर में कही। मारवाल उदयपुर में चल रही सेना भर्ती कार्यक्रम का जायजा लेने आए थे। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि भारतीय सेना की भर्ती प्रक्रिया में काफी महत्वपूर्ण परिवर्तन किए जा रहे हैं, जिसके तहत शारीरिक और मेडिकल में कुछ बदलाव किए जा चुके हैं। लेकिन पायलट प्रोजेक्ट पूरी तरह से लागू हो जाने के बाद पूरी प्रक्रिया में और भी कई महत्वपूर्ण बदलाव आएंगे। भर्ती का पायलट प्रोजेक्ट सबसे पहले जयपुर जोन, अंबाला जोन और चेन्नई जोन में लागू किया जाएगा।
उन्होंने कहा सेना सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर देने में विश्वास रखती है और भर्ती प्रक्रिया इसीलिए पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी बनाई गई है। अपने दौरे में मेजर जनरल डीजी मारवाल भर्ती में शामिल होने आए अभ्यर्थियों से भी मिले और उन्होंने अभ्यर्थियों द्वारा दिखाए गए हौंसले और जोश के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने आए युवाओं में देश की सेवा करने का काफी जज्बा है और यह हमारे लिए बड़े गौरव की बात है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि भारतीय सेना को माओवादी इलाकों में भर्ती करने में किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं है और भर्ती पूरी तरह से सफल है।