दिलजीत करेंगे परफॉर्म
- फोटो : Social Media
दूध से करें नववर्ष की शुरुआत
जयपुर की कई सामाजिक संस्थाएं और युवाओं की पहल पर शुरू हुए अभियान 'दारू नहीं दूध' से करें नववर्ष की शुरुआत के तहत इस बार प्रदेश में 2000 जगहों पर लोगों को दूध पिलाया जाएगा। जयपुर शहर में 500 जगहों पर शाम को फ्री गर्म दूध पिलाया जाएगा। इस दूध महोत्सव की शुरुआत 11 साल पहले 31 दिसंबर 2002 को राजस्थान यूनिवर्सिटी के पूर्व अध्यक्ष पुष्पेंद्र भारद्वाज ने की थी। इस अभियान में कई संस्थाएं जुड़ती गईं।
आज सांगानेर विधानसभा के 39 वार्डों में करीब 50 हजार लोगों को दूध पिलाया जाएगा। विधानसभा सर्किल, पत्रकार कॉलोनी, 200 फुट, तेजाजी मंदिर, राजस्थान यूनिवर्सिटी मेन गेट समेत शहर में 500 जगहों पर लोगों को दूध पिलाया जाएगा।
30 से 35 हजार टूरिस्ट रोजाना जयपुर आ रहे
नए साल का जश्न मनाने के लिए पिंकसिटी जयपुर में रोजाना 30 से 35 हजार पर्यटक पहुंचने लगे हैं। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर टूरिस्ट्स का जमावड़ा लगने लगा है। राजस्थान सरकार के साथ ही होटल एंड हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री ने पधारो म्हारे देस की थीम पर अतिथियों के स्वागत की तैयारी की है।
जयपुर के धार्मिक, टूरिस्ट और वाइल्ड लाइफ स्पॉट्स पर रौनक
आमेर महल, नाहरगढ़ किला, जयगढ़, जल महल, सिसोसिया रानी गार्डन, जंतर-मंतर, सिटी पैलेस, हवा महल, अल्बर्ट हॉल, गोविंद देवजी मंदिर, बिड़ला मंदिर, गलता कुंड तीर्थ, राजमंदिर सिनेमा और जयपुर शहर के परकोटे में पर्यटकों की खासी आवाजाही है। बापू बाजार, नेहरू बाजार, इंदिरा बाजार, हवामहल बाजार, छोटी और बड़ी चौपड़ों पर नए साल की रौनक है। इनके अलावा जयपुर ज़ू , नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क और झालाना लेपर्ड सफारी विजिट करने भी पर्यटक ख़ास तौर पर आ रहे हैं।
टूरिस्ट का यह है फुटफॉल
आमेर महल में रोजाना 10 हजार से 12 हजार पर्यटक पहुंच रहे हैं। हवामहल में भी 9 हजार से 10 हजार तक पर्यटकों का फुटफॉल है। जंतर-मंतर पर 8 हजार से 9 हजार, नाहरगढ़ किले पर 6 हजार से 7 हजार, अल्बर्ट हॉल पर 5 हजार से 7 हजार पर्यटक रोजाना पहुंचने लगे हैं।
कोरोना गाइडलाइंस की पालना के निर्देश
चाइना समेत कुछ देशों में कोरोना की फिर से आहट का असर भी नए साल के जश्न पर पड़ा है। खास तौर पर विदेशों से आने वाले कई पर्यटकों ने बुकिंग कैंसल करवा ली है। ऐसे में पर्यटन स्थलों पर ज्यादातर डॉमेस्टिक टूरिस्ट आ रहे हैं।
17 राज्यों से न्यू ईयर सेलिब्रेट करने आ रहे डॉमेस्टिक टूरिस्ट
दिल्ली, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, बिहार, असम, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडीशा, कर्नाटक, तमिलनाडू, आंध्रप्रदेश, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र से काफी टूरिस्ट राजस्थान में घूमने और न्यू ईयर सेलिब्रेट करने के लिए पहुंच रहे हैं।
न्यू ईयर विश आइटम्स की खरीदारी
जयपुर में अलग-अलग गिफ्ट गैलरी में न्यू ईयर लेकर नए-नए गिफ्ट आइटम आए हैं। न्यू ईयर सेलिब्रेट करने और अपनों को विश करने के लिए खरीदारी भी जमकर हो रही है। फ्लॉवर डेकोरेशन से लेकर लाइटिंग और कलरफुल स्टिकर कस्टर को अट्रैक्ट कर रहे हैं। म्युजिकल फोटो फ्रेम, चॉकलेट बुके, लाइटिंग एंड डांसिंग कपल, टेडी बेयर, कपल स्टेच्यू, लव बर्ड्स और बोनसाई प्लांट खास तौर पर पसंद किए जा रहे हैं। पर्यावरण प्रेमी बहुत से लोग नर्सरी से पौधे खरीदकर अपने परिचितों, रिश्तेदारों, मित्रों और साथियों को गिफ्ट करने की प्लानिंग कर रहे हैं।
30 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी नए साल पर सड़कों पर रहेंगे तैनात
पुलिस मुख्यालय के मुताबिक कोरोना पीरियड के बाद इस बार नए साल पर लोग बड़े स्तर पर पार्टियां करने की तैयारी में जुटे हैं। शहर के ज्यादातर पांच सितारा होटलों से लेकर सामान्य होटलों तक जश्न रहेगा। बैंक्वेट, डिस्कोथेक, लोन, रेस्टोरेंट्स, पब, कैफे, रिजॉर्ट और शराब ठेकों के बाहर सभी जगह पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बंदोबस्त किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करते हुए राजस्थान पुलिस के 30 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी प्रदेश में फील्ड में लगाई गई है। थानों के साथ ही पुलिस लाइन और होमगार्ड के जवानों को भी लगाया गया है। अकेले जयपुर में 5 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात रहेंगे।
सुरक्षा बंदोबस्त चाक-चौबंद
शहर के प्रमुख मंदिरों, जयपुर शहर के आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर, मोती डूंगरी गणेश मंदिर, आमेर की शिला माता का मंदिर, बिड़ला मंदिर, काले हनुमानजी का मंदिर, गलताजी, चांदपोल और सांगानेरीगेट हनुमान मंदिर, ताड़केश्वर और झारखण्ड महादेव मंदिर, इस्कॉन, अक्षरधाम मंदिरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सभी पुलिस थानाधिकारी, दो एएसआई अपने-अपने इलाके में गश्त पर रहेंगे। बाकी थाने का आधा स्टाफ सड़कों पर ड्यूटी देगा। डीसीपी, एसीपी और पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी अपने-अपने इलाके और जिले में गश्त पर पूरी रात रहेंगे। सभी प्रमुख चौराहों और नाकों, शहर के एंट्री पॉइंट्स पर वाहनों की जांच होगी। सभी बड़े चौराहों पर 7-7 पुलिसकर्मियों का स्टाफ तैनात रहेगा। छोटे चौराहे और सर्किल पर 3 से 5 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
शराब पीकर वाहन चलाने, शांतिभंग करने वालों की होगी धरपकड़
पुलिस की ये टीमें ब्रीथ एनालाइजर के साथ रहेंगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की धरपकड़ होगी। हंगामा करने, लड़ाई-झगड़े, छेड़छाड़ और शांति भंग करने वालों को तुरंत पकड़ा जाएगा। नए साल पर बहुत से लोग घूमने जाते हैं। ऐसे में कॉलोनियों में भी चोरी और लूट की घटनाएं रोकने के लिए विशेष गश्त की जाएगी। जयपुर समेत प्रदेश में 875 से ज्यादा थाने हैं। करीब 250 आरपीएस और 50 आईपीएस अफसर गश्त पर रहेंगे। थानों के साथ ही पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त जाप्ता लिया जा रहा है।