राजस्थान में बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो रहा है। राजस्थान के दक्षिण पश्चिमी हिस्सों में हो रही बारिश के कारण कई ट्रेनें प्रभावित हैं। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मालीयामीयानां स्टेशन पर बारिश का पानी भर जाने के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी तरूण जैन ने बताया कि आज दो ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार न्यूभुज से चलकर गाड़ी संख्या 14312, न्यूभुज-बरेली अल हजरत एक्सप्रेस 27 जुलाई को परिवर्तित मार्ग वाया भीलड़ी-पालनपुर होकर संचालित की जाएगी।
वहीं, बरेली से चलकर न्यूभुज जाने वाली गाड़ी संख्या 14311, बरेली-न्यूभुज को आज परिवर्तित मार्ग वाया पालनपुर-भीलड़ी होकर चलाया जाएगा। गौरतलब है कि रेलवे प्रशासन द्वारा बुधवार को भी 6 ट्रेनें रद्द की गई, जबकि 13 से ज्यादा ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है।