कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को जयपुर पहुंचे लेकिन इसी बीच उनके किसी रिश्तेदार के यहां चोरी की घटना सामने आई। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी के रिश्तेदार के घर से घरेलू सामान गायब किया गया है। जयपुर के अशोकनगर थाने में इस घटना की शिकायत दर्ज करा दी गई है।
सरोजनी मार्ग स्थित काटजू दंपत्ति के यहां चोरी की वारदात की गई है। ये काटजू दंपत्ति रिश्तेदारी में राहुल गांधी की दादी और देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मौसी के बेटे और बहू हैं। राहुल गांधी जब भी जयपुर आते हैं, वो काटजू दंपत्ति से मिलने उनके घर जरूर जाते हैं।
राहुल गांधी शनिवार के दिन भी राजस्थान में रहने वाले हैं और शुक्रवार को राहुल गांधी ने पदमपुर में किसानों की महापंचायत में हिस्सा लिया था। इस महापंचायत में हिस्सा लेन के बाद राहुल गांधी ने तीनों कृषि कानूनों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अगर ये तीनों कानून लागू हुए तो 40 फीसदी धंधा केवल दो लोगों के हाथों में चला जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि पहला कृषि कानून मंडी खत्म करने, दूसरा कानून जमाखोरी शुरू करने और तीसरा कानून किसान के अदालत में जाने के हक को खत्म करने का है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि जिस दिन ये कानून लागू हो गए, उसी दिन से जो धंधा 40 फीसदी लोगों के हाथों मं है, वो दो लोगों के हाथों में चला जाएगा।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि ये तीनों कानून किसानों के फायदे के लिए हैं, अगर ये किसान के हित के लिए होते तो किसान इतने दुखी क्यों होते। दिल्ली के बॉर्डर पर हजारों किसान क्यों बैठे हैं?
राहुल गांधी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह काम ना सिर्फ किसानों के लिए, छोटे दुकानदारों के लिए और ना ही मजदूरों के लिए किया है। उन्होंने ये सिर्फ चार लोगों के लिए किया है।