दुनिया में सोमवार को मजदूर दिवस मनाया जा रहा है। इस बीच राजस्थान के अजमेर रेल मंडल में सैकड़ों मजदूरों के लिए ये दिन काला दिवस सरीखा रहा।
अजमेर रेल मण्डल में सोमवार को कैरीज कारखाने में कार्यरत सैकड़ों मजदूरों को हटाने का मामला सामने आया है। गुस्साए सफाईकर्मियों ने कैरीज कारखाने के बाहर जमकर प्रदर्शन भी किया। सफाईकर्मी राकेश ने बताया कि वह 10 साल से यहां काम कर रहे हैं। हाल ही में उनका ठेकेदार बदला है।
इन मजदूरों ने ठेकेदार से सरकार की ओर से तय निर्धारित वेतन देने की बात कही तो यह बात ठेकेदार को नागवार गुजरी। उसने पुराने सभी सफाईकर्मियों की छुट्टी कर दी और नए सफाईकर्मी ले आया। सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें काम पर नहीं रखा गया तो वह कारखाने की सफाई व्यवस्था को प्रभावित कर देंगे और नए कर्मचारियों को काम नहीं करने देंगे।