विधायक के साथ हवाई यात्रा पर जाने वाली छात्राएं
- फोटो : Vishnu Sharma
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र व राज्य सरकारें कई योजनाएं चल रही हैं, लेकिन एक एमएलए ने इस दिशा में अनूठा उदाहरण पेश किया है। इस एमएलए ने बालिकाओं को पढ़ने व बेहतर प्रदर्शन को प्रेरित करने के लिए अपने विधानसभा क्षेत्र की अव्वल रहीं छात्राओं को अपने खर्चे पर हवाई यात्रा करवाई।
राजस्थान में बाड़मेर जिले के चौहटन विधायक तरुण राय कागा ने तीन छात्राओं को पढ़ाई में अव्वल आने पर ऐसा उपहार दिया, जिसके बारे में शायद उन्होंने सोचा भी नहीं होगा। कागा ने पिछले दिनों घोषणा की थी कि पढ़ाई में अव्वल आने वाली तीन छात्राओं को वे अपने खर्च पर हवाई यात्रा करवाएंगे।
उन्होंने इस घोषणा पर अमल किया और रेतीले टीलों के बीच रहने वाली तीन बालिकाओं को हवाई सफर कराया। इस उपहार के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, चिचड़ासर की छात्रा कमला, धनाऊ की छात्रा सुशीला और एक निजी विद्यालय की छात्रा रेशम कंवर चयन किया गया।