अजमेर कलक्टर ने आज किशनगढ़ क्षेत्र के दौरे पर रहे। दौरे की खास बात यह रही कि कलक्टर ने वीआईपी कल्चर को दरकिनार कर अधिकारियों के साथ बस में बैठकर शहर का जायजा लिया। कलक्टर गोयल ने इस दौरान कहा कि एयरपोर्ट अप्रोच रोड का कार्य 15 अक्टूबर से पहले पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही, शहर को भी 15 दिन में शौचमुक्त घोषित कर दिया जाएगा।
कलक्टर गोयल ने कहा कि देश की प्रसिद्ध मार्बल नगरी किशनगढ़ शीघ्र ही सौन्दर्यीकरण के नए कार्यों से चमकती दिखाई देगी। मार्बल नगरी का एयरपोर्ट शुरू होने से पहले ही 15 अक्टूबर तक यहां अप्रोच रोड का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उदयपुर और अजमेर की तर्ज पर अब किशनगढ़ की प्रसिद्ध गुन्दोलाव झील पर भी चौपाटी बनेगी। चौपाटी निर्माण से शहर के लोगों को भ्रमण के लिए एक नया स्थान उपलब्ध हो जाएगा। शहर को खुले में शौच से मुक्त कराने के लिए किए जा रहे प्रयास भी और तेज किए जाएंगे।
कलक्टर गोयल ने उपखण्ड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों एंव फ्लैगशिप योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने बस में बैठकर शहर के अंदरूनी क्षेत्रों में भी भ्रमण कर समस्याएं जानीं। इस दौरान किशनगढ़ के उपखण्ड अधिकारी अशोक कुमार, नगर परिषद के आयुक्त नारायण लाल मीना सहित पुलिस, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।