जलदाय मंत्री सुरेन्द्र गोयल ने बुधवार को विश्वकर्मा स्थित बढ़ारना जेडीए जल योजना को बीसलपुर पेयजल परियोजना से जल उपलब्ध कराने की योजना का लोकार्पण किया। बीसलपुर के द्वितीय चरण में हरमाड़ा और बढ़ारना क्षेत्र को इससे जोड़ा जाएगा। इस योजना के शुरू होने से क्षेत्र की करीब एक दर्जन कॉलोनियों में रहने वाले 8 हजार से ज्यादा वाशिंदों को बीसलपुर का मीठा पानी उपलब्ध हो सकेगा।
जलदाय मंत्री गोयल ने कहा कि इस योजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है और भूमि अवाप्ति और राष्ट्रीय राजमार्ग की एनओसी मिलते ही स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
लोकार्पण समारोह में जलदाय मंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा स्थित बढ़ारना जल योजना को जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित कर वर्ष 2008 में जलदाय विभाग को हस्तांतरित किया गया था। क्षेत्र में नककूपों के जरिए जलापूर्ति की जा रही थी।
पिछले कुछ समय से भूजल के गिरते स्तर के कारण पर्याप्त और उचित दबाव से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए बढ़ारना को बीसलपुर से जोड़ने का अहम निर्णय लिया गया। गोयल ने कहा कि जलदाय विभाग के रोड नंबर 13 ए विश्वकर्मा स्थित पंपहाउस से 250 एमएम डीआई पाइप लाइन 2600 मीटर बिछाने, जोड़ने और टेस्टिंग का काम पूरा कर लिया गया है। हाल ही में जलदाय विभाग ने फरवरी माह क्षेत्र में एक शिविर लगाकर में 190 आवेदन पत्र लेकर स्थानीय लोगों को पानी के कनेक्शन जारी किए गए थे। इस अवसर पर विद्याधर नगर विधायक नरपत सिंह राजवी ने भी आमजन को संबोधित किया।