उदयपुर के अंबामाता थाने के बाहर जमा भीड़
- फोटो : Amar Ujala
जयपुर के नाहरगढ़ किले पर फंदा लगाने वाले चेतन सैनी के बाद अब एक अन्य मामले में एक युवक की मौत पहली बन गई है। इस मामले में भी पुलिस और परिजन आमने-सामने हो गए हैं।
ये मामला उदयपुर जिले का है, जहां मंगलवार शाम को फंदे पर लटके मिले एक युवक की मौत का मामला हत्या और आत्महत्या के बीच झूल गया है। मृतक के परिजनों ने मंगलवार शाम से ही इसे हत्या का मामला बताते हुए अम्बामाता थाने में मामला दर्ज करने की मांग शुरू कर दी थी, लेकिन पुलिस इसे आत्महत्या ही बता रही है।
मामले के तहत मंगलवार शाम भंवर गमेती पुत्र चेतराम गमेती (30) निवासी एकलव्य कॉलोनी उदयपुर की लाश मल्लातलाई निवासी हितेष छाजेड़ के मकान की तीसरी मंजिल पर पंखे से लटकी मिली थी। मृतक के परिजनों का आरोप है कि भंवर गमेती को हितेष छाजेड़ रुपयों की वसूली को लेकर काफी परेशान करता रहता था। कई बार हितेष ने मृतक को गाली-गलौज भी की थी और दोनों में हाथापाई की नौबत भी आई। परिजनों ने मौत के पीछे हितेष का हाथ होने का आरोप लगाया है।